Home खेल India Tour of Sri Lanka: 9 साल बाद टेस्ट सीरीज का ऐलान,...

India Tour of Sri Lanka: 9 साल बाद टेस्ट सीरीज का ऐलान, जानें कब और कहां होंगे मुकाबले

10
0

 कोलंबो

भारतीय क्रिकेट टीम अगले महीने श्रीलंका दौरे पर जाने वाली है, जहां उसे दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है. यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2025-27 का हिस्सा होगी. भारतीय टीम इस सीरीज में जीत हासिल कर अंकतालिका में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी।

श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने गुरुवार (2 जुलाई) को इस सीरीज का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया. सीरीज का पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में होगा. दोनों मुकाबले भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होंगे। 

भारत अब तक दो बार वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल खेल चुका है, लेकिन एक भी बार खिताब जीतने में सफल नहीं रहा. मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र में टीम इंडिया फिलहाल पांचवें स्थान पर है, जबकि श्रीलंका छठे नंबर पर मौजूद है. ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह सीरीज काफी अहम रहने वाली है। 

शुभमन गिल की कप्तानी में भारत इस सीरीज में जीत दर्ज कर WTC फाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगा. शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने डब्ल्यूटीसी 2025-27 की शुरुआत इंग्लैंड के खिलाफ 2-2 से टेस्ट सीरीज ड्रॉ कर की थी. इसके बाद टीम इंडिया ने घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज का क्लीन स्वीप किया। 

साउथ अफ्रीका ने दिया था झटका
हालांकि नवंबर 2025 में साउथ अफ्रीका ने भारत को उसके घर में ही दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर बड़ा झटका दिया. इस हार के बाद भारतीय बल्लेबाजों की स्पिन के खिलाफ कमजोरी पर सवाल उठे. पिछले महीने भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट जीतकर वापसी की. अब श्रीलंका की स्पिन फ्रेंडली पिचों पर भारतीय बल्लेबाजों की एक बार फिर कड़ी परीक्षा होगी। 

गॉल और कोलंबो की पिचें परंपरागत रूप से स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती हैं. ऐसे में श्रीलंका के स्पिन आक्रमण का सामना करना भारतीय बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं होगा. साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में स्पिन के सामने भारतीय बल्लेबाजों की कमजोरी उजागर हुई थी. अब देखना दिलचस्प होगा कि शुभमन गिल की टीम इस चुनौती से कैसे पार पाती है। 

भारत ने आखिरी बार 2017 में श्रीलंका का टेस्ट दौरा किया था. तब विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया ने मेजबान श्रीलंका का 3-0 से क्लीन स्वीप किया था. करीब नौ साल बाद भारतीय टीम फिर श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलने उतरेगी. ऐसे में फैन्स की नजरें इस बात पर होंगी कि क्या शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया इतिहास दोहरा पाएगी। 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here