Home मध्य प्रदेश MPPSC Assistant Professor Result: इंटरव्यू खत्म होते ही 24 घंटे में परिणाम...

MPPSC Assistant Professor Result: इंटरव्यू खत्म होते ही 24 घंटे में परिणाम घोषित, चयनित अभ्यर्थियों को बड़ी राहत

9
0

 इंदौर
 मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने सहायक प्राध्यापक-2024 के अर्थशास्त्र विषय का अंतिम परिणाम रिकॉर्ड समय में जारी कर नया उदाहरण पेश किया है। आयोग ने 29 जुलाई को साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी की और महज 24 घंटे के भीतर गुरुवार देर रात अंतिम परिणाम अपने पोर्टल पर अपलोड कर दिया।

आयोग की इस तेजी से उन अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है, जिनका चयन सहायक प्राध्यापक-2024 में हो गया है। अब उन्हें दो अगस्त को प्रस्तावित सहायक प्राध्यापक-2025 की दूसरे चरण की परीक्षा में शामिल होने की जरूरत नहीं होगी।

सात महीने बाद हुए थे इंटरव्यू 
सहायक प्राध्यापक-2024 के अर्थशास्त्र विषय की लिखित परीक्षा का परिणाम 7 नवंबर 2025 को जारी किया गया था। 130 पदों के लिए 400 से अधिक अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए पात्र पाया गया था।

लंबे इंतजार के बाद आयोग ने 14 से 29 जुलाई तक साक्षात्कार आयोजित किए। इसके लिए तीन से चार पैनल बनाए गए थे। प्रत्येक पैनल द्वारा प्रतिदिन करीब 60 से 70 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए गए। 29 जुलाई को प्रक्रिया पूरी होते ही आयोग ने परिणाम तैयार करने की कार्रवाई तेज कर दी और अगले ही दिन अंतिम परिणाम घोषित कर दिया।

112 पदों की चयन सूची, 38 अभ्यर्थी प्रतीक्षा सूची में
ओबीसी आरक्षण से जुड़े प्रावधानों के चलते आयोग ने फिलहाल कुल पदों के 87 प्रतिशत मुख्य भाग के तहत 112 पदों की चयन सूची जारी की है। इसके साथ ही 38 अभ्यर्थियों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है।

वहीं, कुल पदों के शेष 13 प्रतिशत प्रावधिक भाग का परिणाम फिलहाल जारी नहीं किया गया है। इस हिस्से का परिणाम आगे संबंधित प्रक्रिया पूरी होने के बाद घोषित किया जाएगा।

अभ्यर्थियों को दो अगस्त की परीक्षा से मिली राहत
आयोग के ओएसडी रवींद्र पंचभाई ने बताया कि MPPSC के इतिहास में यह पहली बार है, जब किसी विषय के साक्षात्कार का अंतिम परिणाम प्रक्रिया पूरी होने के 24 घंटे के भीतर घोषित किया गया है।

उन्होंने कहा कि परिणाम जल्द जारी करने का उद्देश्य अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखना था। सहायक प्राध्यापक-2024 में चयनित उम्मीदवारों को अब दो अगस्त को होने वाली सहायक प्राध्यापक-2025 की दूसरे चरण की परीक्षा में शामिल होने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे अभ्यर्थियों को परीक्षा की तैयारी और यात्रा से जुड़ी अतिरिक्त परेशानी से भी राहत मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here