Home ट्रेंडिंग बोरिंग दाल-चावल को बनाएं स्पेशल, चना दाल पुलाव और गार्लिक चटनी का...

बोरिंग दाल-चावल को बनाएं स्पेशल, चना दाल पुलाव और गार्लिक चटनी का जबरदस्त कॉम्बिनेशन

5
0

भारतीय घरों में जब तक दाल-चावल ना बने खाने का मजा पूरा होता ही नहीं है. दाल-चावल भारतीयों का कंफर्ट फूड है, जो ना केवल उन्हें टेस्टी लगते हैं, बल्कि पेट भी भर देते हैं. हालांकि, कभी-कभी लोग रोजाना एक जैसे दाल-चावल खाकर भी बोर हो जाते हैं. अगर आप भी बोर हो गए हैं और रोज की दाल-चावल को अलग टेस्ट देना चाहते हैं तो ये खबर आपके लिए है l

आज हम रोज के दाल-चावल से कुछ स्वादिष्ट और आसान बनाना बताने वाले हैं. मशहूर शेफ कुणाल कपूर की ये खास रेसिपी आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकती है. उन्होंने साधारण चना दाल और चावल को फ्लेवरफुल मसालों के साथ ऐसा ट्विस्ट दिया है कि ये एक शानदार वन-पॉट मील बन जाता है. इसके साथ परोसी जाने वाली तीखी गार्लिक-ग्रीन चिली चटनी इसका स्वाद कई गुना बढ़ा देती है. आइए जानते हैं कैसे बनाते हैं चना दाल पुलाव, जो आपके लंच को बेहद स्वादिष्ट बना देगा l

चना दाल पुलाव बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स
    3 बड़े चम्मच घी या तेल
    1/2 छोटा चम्मच हींग
    3 काली इलायची
    1 इंच दालचीनी
    6 लौंग
    15 काली मिर्च
    2 छोटे चम्मच जीरा
    2 मध्यम आकार के प्याज (पतले कटे हुए)
    3 हरी मिर्च (चीरा लगी हुई)
    1/2 कप चना दाल
    1 कप चावल
    2 कप पानी
    स्वादानुसार नमक

गार्लिक-ग्रीन चिली चटनी के लिए इंग्रेडिएंट्स
    2 बड़े चम्मच तेल
    1 छोटा चम्मच जीरा
    1 छोटा चम्मच सौंफ
    8 लहसुन की कलियां
    2 छोटे चम्मच कटा हुआ अदरक
    1/4 कप मूंगफली
    3-4 हरी मिर्च
    5-6 अचारी हरी मिर्च
    1/2 गुच्छा हरा धनिया
    1½ नींबू का रस
    1/2 छोटा चम्मच काला नमक
    1 छोटा चम्मच चाट मसाला
    1/2 कप ठंडा पानी
    स्वादानुसार नमक

बनाने का तरीका:
1. चना दाल पुलाव बनाने के लिए सबसे पहले चावल को अच्छी तरह धोकर लगभग 30 मिनट के लिए पानी में भिगो दें. आधा घंटे बाद पानी निकालकर अलग रख दें l

2. अब एक कड़ाही में घी या तेल गर्म करें. इसमें हींग, काली इलायची, दालचीनी, लौंग, काली मिर्च और जीरा डालकर खुशबू आने तक भूनें l

3. अब इसमें कटे हुए प्याज और चीरा लगी हरी मिर्च डालें और प्याज को सुनहरा होने तक पकाएं. इसके बाद धुली हुई चना दाल डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब पानी और स्वादानुसार नमक डालें और उबाल आने दें l

4. जब पानी उबलने लगे, तब भीगे हुए चावल डालकर हल्के हाथ से मिला दें. कड़ाही को ढककर धीमी आंच पर 15-20 मिनट तक पकाएं l

5. बीच-बीच में हल्के हाथ से चलाते रहें ताकि चावल तले में न चिपकें. जब चावल और दाल अच्छी तरह पक जाएं और पानी सूख जाए, तब गैस बंद कर दें l

चटनी बनाने का तरीका:
1. एक पैन में तेल गर्म करें. इसमें जीरा और सौंफ डालकर चटकाएं. फिर लहसुन, अदरक और मूंगफली डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. अब हरी मिर्च और अचारी हरी मिर्च डालकर 2-3 मिनट तक पकाएं l

2. मिश्रण को ठंडा होने दें. इसके बाद इसे मिक्सर में डालें. साथ में हरा धनिया, नींबू का रस, नमक, काला नमक, चाट मसाला और ठंडा पानी डालकर स्मूद पीस लें l

ऐसे करें सर्व
गर्मागर्म दाल वाले चावल को एक प्लेट में निकालें और उसके साथ तीखी गार्लिक-ग्रीन चिली चटनी परोसें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा घी डालकर भी सर्व कर सकते हैं. ये कॉम्बिनेशन लंच और डिनर, दोनों के लिए बेहतरीन ऑप्शन है l

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here